गुरुवार, 21 जनवरी 2010

कहानी

मुझसे शादी करोगी
सुशीला परगनिहा
तान्या सेन लगातार सिगरेट पी रही थी। टीवी की दुनिया का बेहद सफल नाम रोहित सूरी उसके सामने बैठा था, जिसका हर शो सुपरहिट होता है। उसका प्रोडक्शन हाउस नया रिअलिटी शो शुरू करने जा रहा है, ड्रीम हाउस में 100 दिन। तान्या बोली, रोहित तुम जानते हो, वंदना राजवंश ने मेरा घर बर्बाद कर दिया और तुम उसी को शो में ले रहे हो..।
रोहित मुसकरा रहा था, मानो तान्या की बातों का असर न हो रहा हो। दूसरी ओर तान्या कश लगाए जा रही थी। थोडी देर तक उसे देखते रहने के बाद वह बोला, यह बात पूरी इंडस्ट्री जानती है। यहां तक कि दुनिया जानती है कि सौरभ कपूर का उसके साथ अफेयर चल रहा था। लेकिन जो दुनिया नहीं जानती, मैं वह भी जानता हूं, इसलिए वंदना को शो में ले रहा हूं।
फिर उसे टोकते हुए बोला, देख रहा हूं, जबसे आई हो, सिगरेट पी रही हो। इस शो में तुम्हें सिगरेट नहीं पीनी है। जो सिगरेट पीते पकडा जाएगा, उसका चांस कम होता जाएगा।
तान्या खीज कर बोली, तुम काम की बात करो। उस वंदना मिस टेंशन की वजह से मैं ज्यादा पी रही हूं।
तो सुनो। तुम तान्या हो-सौरभ कपूर की एक्स वाइफ और वह वंदना है, जिससे सौरभ का चक्कर रहा है। इस कारण तुम्हारा घर एवं पति छूटा। यही शो की यूएसपी है। मैं लागलपेट नहीं रखता। तुम मेरी बचपन की दोस्त हो। साफ पूछता हूं, सोचो, तुम आज हो क्या?
तान्या कुछ बोलती, इससे पहले ही हाथ के इशारे से उसे रोक कर कहने लगा, पहले पूरी बात सुनो। माना तुम कभी हीरोइन थीं। एक फिल्म सुपरहिट रही। बाद में तुम मिसेज सौरभ कपूर बनीं। स्टार की वाइफ और अब उसकी एक्स वाइफ। तुम बच्चे पाल रही हो। किटी पार्टी में मिसेज एक्स सौरभ का जलवा चल सकता है मैडम, कहीं और नहीं।
और वंदना? सौरभ के चक्कर में उसे दूसरे हीरोज के साथ फिल्में मिलनी बंद हो गई। एक्टिंग उसे आती नहीं थी। तीन फिल्में फ्लॉप हुई। कोई इंटरव्यू लेने आता है तो कहती है कि चूजी हो गई हूं। फिल्में मिल ही कहां रही हैं उसे। वो फिल्में भी सौरभ ने ही दिलवाई थीं।
सो मैडम, तान्या सेन, सौरभ ही वह कमजोर कडी है, जो तुम दोनों को नफरत के मजबूत धागे से बांधता है। तुम दोनों एक द्वीप पर ड्रीम हाउस में आमने-सामने होगी, इसकी पूरी पब्लिसिटी की जाएगी।
रोहित की बात पूरी होने से पहले ही तान्या आंखें फैला कर बोली, तो रोहित, तुम हमारी नफरत का फायदा उठा रहे हो?
इसका तुम्हें एक करोड दे रहा हूं। एक लाख रुपये रोज। शो में तुम कम दिन रहोगी तो भी पैसा तुम्हें पूरा मिलेगा। वैसे मुझे भरोसा है कि तुम और वंदना टिकोगी, क्योंकि लोग तुम दोनों को ही देखना चाहेंगे।
तान्या बोली, तुम सौरभ का नाम भुनाकर करोडों कमाओगे। एक्स वाइफ को सिर्फ एक लाख रुपये रोज।

क्या यह कम है?

सौरभ के नाम पर कम है। फिल्म का कम से कम बीस करोड ले रहा है। सुपर स्टार है।
तो क्या तुम्हें भी बीस करोड चाहिए?
नहीं, सिर्फ पांच लाख रोज।
रोहित उछला, तान्या, तुम लूटने पर उतारू हो। छोडो, मैं उस मॉडल अनुप्रिया दत्ता को ले लूंगा। जुबान पर मिर्चे रहती हैं उसके और डांस तो क्या मस्त करती है।
यू आर वेरी कनिंग रोहित।
बिजनेसमैन हूं। चलो, न तुम्हारी-न मेरी। दो लाख रुपये रोज। ठीक है!
तीन से कम नहीं। यानी तीन करोड।
रोहित की आंखें सिकुड गई। बोला, तान्या, तुम एक या तीन करोड क्यों देख रही हो? सोचो, अंत तक टिक गई तो एक करोड और मिलेगा। ग्लैमर की दुनिया के दरवाजे खुल जाएंगे। शो के बाद फिल्म भी मिल सकती है।
तान्या मुसकराई, तीन से कम में नहीं।
रोहित ने हथियार डाल दिए। चलो, दोस्ती की ख्ातिर बात मान ली। वरना किसी को भी ले सकता था। उसने हाथ आगे बढाया।
तान्या ने जैसे ही हाथ मिलाया, रोहित को जैसे कुछ याद आया, बताना भूल गया, विक्रम पठान को भी शो में ले रहा हूं।
तान्या चौंकी, वह दो टके का मॉडल। वो कौन थी नई मॉडल, जिसे छेडने के चक्कर में जेल में रह कर आया है?
तुम ठीक समझ रही हो।
चुन-चुन कर नगीने इकट्ठे कर रहे हो।
पुण्य का काम कर रहा हूं। उद्धार कर रहा हूं।
और हां-तुम्हें बंदे से रोमांस भी करना है। एक हफ्ते बाद इसके चर्चे होने चाहिए।
क्या! मैं उससे इश्क करूंगी?
तान्या, ठंडे दिमाग से काम लो। लोग तुम लोगों को सौ दिन तक रोटी खाते और माला जपते नहीं देखना चाहते? सोच लो, फिल्म में काम कर रही हो, बस डायलॉग तुम्हारे होंगे। जितने अच्छे डायलॉग, जैसी धांसू एक्टिंग, उतने ही आंसू, उतने ही दिल टूटेंगे।
सौरभ की एक्स वाइफ से क्या चाहते हो?
रोहित खीजते हुए बोला, मिसेज एक्स सौरभ कपूर। अतीत में जीना बंद करो। सौरभ को सीढी बना कर आगे बढना सीखो। उसने भी तुम्हारा इस्तेमाल किया है। सुपर स्टार बन गया तो किनारे कर दिया। तुम इतनी सेंसिटिव क्यों हो रही हो? सोचो, तुम उसके पैसे पर जी रही हो। वह पैसे देने बंद कर दे तो..?
बहुत भाषण झाड लिया। समझ गई मैं।
अगले महीने की 11 तारीख्ा से शूटिंग शुरू हो रही है। जिम जाना शुरू करो, सिगरेट बंद। रौब झाड रहे हो?

नहीं, एहतियात बरतने को कह रहा हूं। तुम 16 स्त्री-पुरुषों को एक साथ एक द्वीप पर बने घर में रहना है। नियमों का पालन करना ही होगा। यस, मेरे आका। तान्या ने ऐसे अंदाज में झुक कर कहा कि रोहित की हंसी छूट गई।

शो शुरू होने से पहले ही हिट हो चुका था। इस दौरान सौरभ कपूर की एक्स वाइफ और ओल्ड फ्लेम वंदना के झगडों के किस्से, विक्रम पठान के सनकीपन की मसालेदार खबरें आ चुकी थीं। जिस दिन शो शुरू हुआ, लोगों ने सास-बहू छोडकर उसे ही देखना शुरू कर दिया। तान्या को ड्रीम हाउस में कुछ पता नहीं चल रहा था, लेकिन वह रोहित के अंदाज से भी ज्यादा बडी स्टार बन गई थी। वह वर्तमान में जीना सीख रही थी। तान्या-वंदना की कैट फाइट शो को सुपरहिट बना रही थी।

वंदना स्विम सूट पहन कर विक्रम पठान के साथ स्विमिंग पूल में उतरी तो तान्या का बयान आया, मैं चीप पब्लिसिटी के लिए यह नहीं कर सकती। लेकिन अगले ही हफ्ते तान्या ने विक्रम के साथ ऐसा डांस किया कि लोग आहें भरने लगे। देखकर लगता नहीं कि दो बच्चों की मां है। अटकलें शुरू हो गई। तान्या और विक्रम पठान का चक्कर..सौरभ जल-भुन रहा होगा।

इस बीच कई डायरेक्टर, प्रोड्यूसर तान्या के डांस के लिए फिल्मों में जगह बनाने लगे। उसके मैनेजर की मुसीबत आ गई। वह सबसे कह रहा था कि तान्या मैडम से शो के बाद ही बात हो पाएगी। फैसला वही लेंगी।

बीच में वंदना शो से बाहर हो गई तो दर्शक कहने लगे, शो में मजा नहीं आ रहा। भला हो रोहित की वाइल्ड कार्ड एंट्री का, वंदना को हफ्र बाद वापस बुला लिया गया। इस बीच वंदना को बाहर की ख्ाबरें लग गई थीं। वह तान्या से जली-भुनी बैठी थी। हर हफ्ते घर से कोई न कोई बाहर हो रहा था, लेकिन तान्या को निकालने की कोशिशें नाकाम रहीं।

इस बीच सौरभ कपूर की फिल्म रिलीज होनी थी, जिसे टालना पडा। रिपोर्ट थी कि शो के रहते फिल्म आई तो नहीं चलेगी। सलाह दी गई कि सौरभ को शो पर आना चाहिए। लोग उसे तान्या के साथ देखेंगे तो असर होगा। सौरभ आज में जीने वाला था, फौरन हां कर दी।

तय हुआ कि विनर को इनाम सौरभ के ही हाथ से मिलेगा। उस द्वीप पर आखिरी हफ्ते दो ही लोग बचे- तान्या और वंदना। इसकी भी पब्लिसिटी हो रही थी। सवाल उठ रहे थे, पत्नी या प्रेमिका-सौरभ किसे बनाएगा विनर..? तान्या और वंदना बाहर की गतिविधियों से अनजान थीं। आखिरी हफ्ता साथ गुजारना मुश्किल था। न चाहते हुए भी गिले-शिकवे हो रहे थे। शो की लोकप्रियता रिकॉर्ड तोड चुकी थी। करोडों का सट्टा लगा था उन दोनों पर।

यह था शो का क्लाइमेक्स। आखिरी घंटे में तान्या और वंदना अपने-अपने सूटकेस लगाए ड्राइंग रूम में आ गई थीं। सौरभ कपूर के बारे में उन्हें पता नहीं था। अचानक उन्हें बताया गया कि शो के चीफ गेस्ट आ रहे हैं। वही उन्हें बाहर ले जाएंगे। दोनों सौरभ को देखकर हैरान रह गई। वंदना को हाय करके सौरभ आगे बढा और तान्या को गले लगा लिया। खुसर-पुसर होने लगी कि क्या मियां-बीवी फिर एक होंगे। हालांकि सौरभ, तान्या और वंदना तो शो बिजनेस का हिस्सा थे, एक्टिंग कर रहे थे।

सौरभ दोनों को साथ बाहर मंच पर लाया। .. और शो की विनर हैं.. लोगों की सांसें थम गई। उसने वंदना को देखा और बोला, और.. विनर हैं.. अचानक वह बोला, तान्या सेन एक करोड का चेक और बुके उसने तान्या को दिया और गले से लगा लिया।

तान्या विनर थी। उसने वंदना से बदला ले लिया था। उसके आंसू आ गए। गले से भर्राई आवाज में निकला, थैंक्यू रोहित। तुमने मुझे जो दिया, उसे मैं बयां नहीं कर सकती।

अब तान्या की जिंदगी बदल चुकी थी। बाहर ऑफर उसका इंतजार कर रहे थे। होस्ट बनने का ऑफर, एक छोटे बजट की फिल्म में हीरोइन बनने का ऑफर, छह फिल्मों में आइटम डांस का ऑफर-इनमें सौरभ की फिल्म भी थी। सौरभ पर कर्ज चढा देती हूं सोचकर तान्या ने उसे हां कर दी। सोचा, अब जिंदगी नए ढंग से जिएगी। होस्ट बनने के लिए भी हां कर दी। बॉडी को टोन कर रही थी। लुक्स में हॉलीवुड हीरोइनों को मात देने लगी थी। कोई एंजेलिना जोली से उसकी तुलना कर रहा था, कोई लिज हर्ले से। उसकी जिंदगी में इतनी खुशियां कभी आई ही नहीं थीं। तीन फिल्मों में आइटम डांस कर चुकी थी। जिस शो को होस्ट कर रही थी, वह हिट था। शो के पांच-छह एपीसोड हुए थे कि अचानक उसे चक्कर आ गया। पता चला उसे कैंसर है। शो स्थगित हो गया। दर्शकों को यह भी नया पब्लिसिटी स्टंट लग रहा था। कुछ ही दिन में पक्की रिपोर्ट आ गई। उसकी जिंदगी छह महीने की है। उल्टी गिनती शुरू हो गई।

बचपन की दोस्त को रोज मरते-टूटते देख रहा था रोहित। तान्या को बच्चों का भी इंतजाम करना था। सौरभ भी मिलने आता था। बच्चों की जिम्मेदारी उसे सौंपनी थी।

रोहित बहुत उदास था, लेकिन फिर उसने इस नियति को मान लिया। एक दिन तान्या से बोला, मैडम, जिंदगी रंगमंच है। हम सब इस रंगमंच की कठपुतलियां हैं..। इस फिल्मी डॉयलॉग पर तान्या ने उसे गौर से देखा। रोहित थोडा सा झुका और बोला, तो तान्या, आपके लिए भी जिंदगी एक रंगमंच है और इस बार शो छह महीने का है। 15 दिन रोते हुए बीत चुके हैं। अब आपको तय करना है कि बाकी के 165 दिन कैसे बिताना चाहती हैं।

तान्या हंसी, मौत तय है तो शान से मरूंगी। रोहित गंभीर हो गया, अपनी आखिरी ख्वाहिश बताओ तान्या।

कुछ सोचकर तान्या बोली, मैं शादी करना चाहती हूं। चाहती हूं मनीष मलहोत्रा मेरा शादी का जोडा डिजाइन करे। मंडप करन जौहर की फिल्म के सेट की तरह हो, करीना कपूर मेहंदी लगाए, बिपाशा सहेली बन कर नाचे। बस दूल्हा खोजने का काम तुम्हारा..।

रोहित मुसकराकर बोला, दूल्हा सौरभ..?

नहीं, तुमने ही कहा था सौरभ मेरा पास्ट है।

रोहित एक पल रुककर बोला, तुम्हारी शादी जरूर होगी, अगर तुम मेरी बात मानो तो..। आज से तुम्हारा एक-एक पल मेरा। दूल्हा मैं खोजूंगा। समझो दूल्हा मिल गया। तान्या गंभीर थी, कहना क्या चाहते हो?

मुझसे शादी करोगी? रोहित गंभीर था।
तान्या उसे घूरने लगी। होश आया तो बोली, तुम मजाक कर रहे हो? या फिर यह नया रिअलिटी शो है। एक अलमस्त बेफिक्र इंसान मरती हुई औरत से शादी करेगा। बॉलीवुड के स्टार शादी में आएंगे और शो सुपरहिट?
यह मजाक नहीं है मैडम, न रिअलिटी शो। दोस्ती का कर्ज अदा करना चाहता हूं। तान्या को रोहित की आवाज दूर से आती लगी।
रोहित बोला, तान्या, याद है तुम्हें, बचपन में जब हम दौडते थे तो तुम आगे निकल जाती थीं। मैं बीच में ही आइसक्रीम वाले के पास रुक जाता था। तुम फिर पलटती थीं और घसीट कर फिर मुझे ले जाती थीं।..अब इन 165 दिनों की दौड में मैं हर पल तुम्हारे साथ रहना चाहता हूं। हालांकि मैं वहां तक शायद न दौड सकूं, जहां तुम्हें जाना है। बस यही चाहता हूं कि तुम्हें एक नई जिंदगी दूं और इस दौरान खुद भी एक नई जिंदगी जी लूं। यह शो बिजनेस तो जिंदगी भर चलेगा। लेकिन ये दिन लौटकर
वह तान्या की आंखों में देख रहा था। बोला, मेरा यकीन करती हो? करोगी मुझसे शादी?
तान्या मुसकराकर बोली, हां रोहित, मैं तुम पर भरोसा करती हूं और तुमसे शादी करूंगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें