सोमवार, 3 मई 2010

बालों की कद्र करें


ताकि मुसकराते रहें आपके बाल

दूसरे के बाल हमेशा अच्छे लगते हैं। पर खुद के क्यों नहीं? इसका जवाब आपके पास भी नहीं होगा। बाल स्ट्रेट हैं तो कर्ली क्यों नहीं, कर्ली हैं तो स्ट्रेट क्यों नहीं, ब्राउन हैं तो ब्लैक क्यों नहीं, छोटे हैं तो लंबे क्यों नहीं। ऐसी ही न जाने कितनी बातें आप भी सोचती होंगीे। दूसरे के बाल देखकर रश्क क्यों होता है? मुंबई की हेयर एक्सपर्ट दिलशाद कहती हैं, अगर आप अपने बालों से प्यार करेंगी तो उन्हें हर तरह से अच्छा बना सकती हैं। कुदरत के दिए हुए बालों की कद्र करें, वे आपकी करेंगे और आपके सौंदर्य में चार चांद लगा देंगे। तो आइए जानते हैं, कि आपके बाल जैसे हैं, उन्हें और अच्छा कैसे बना सकते हैं।

अगर आपके बाल स्ट्रेट हैं

आप इन सीधे बालों से बोर हो गई होंगी और आपको लगता होगा कि आपके बाल घुंघराले हो जाएं और आपके चेहरे के आसपास लहराते हुए पर्सनाल्टी में निखार ले आएं। आप अपने बालों में बॉडी चाहती होंगी। न जाने आपने कितनी बार उन्हें कर्ल करने के लिए रोलर्स भी लगाया होगा। लेकिन कुछ घंटे बाद वह फिर से सीधे हो गए होंगे। हो सकता है आपने उन्हें पर्मानेंट पर्म कराने के बारे में भी सोच लिया हो। लेकिन इन सबकी कोई जरूरत नहीं है। यहां दिए गए टिप्स अपनाकर आप उन्हें मनचाहा बना सकती हैं। लेकिन इस बात का भी ध्यान रखें कि हममें से हजारों लोग स्ट्रेट हेयर की कामना रखते हैं।
सखी की सलाह

1. जेल या मूस लगाकर रोल अप करें।
2. छोटी-छोटी गूंथ कर चोटी बनाएं। कुछ घंटे बाद खोल दें।
3. हाई पोनी बनाएं।
4. वॉल्यूमाइजिंग लेयर्ड हेयर कट कराएं।
5. चेहरे के अनुसार फ्लिक्स व फ्रिंज कट कराएं।
6. पर्मानेंट हेयर ट्रीटमेंट से बचें। यह बालों की बनावट को बदल देते हैं।
7. लगातार केमिकल ट्रीटमेंट से बचें।
अगर बाल कर्ली हैं
कुछ स्त्रियों के बाल अत्यधिक घुंघराले होते हैं। हालांकि उनमें अधिकतर स्त्रियां चाहती हैं उनके बाल सीधे हो जाएं। जबकि कर्ली हेयर फ्रेश और फन लुक देते हैं। यह सदाबहार होते हैं। थोडी देखभाल से इन्हें और भी खूबसूरत बनाया जा सकता है। लेकिन अगर फिर भी आप इनसे ऊब कर सीधे करवाना चाहती हैं तो ध्यान रखें कि कोई भी केमिकल ट्रीटमेंट बालों को दोबारा ऐसा नहीं बना सकता जैसे वे प्राकृतिक रूप से घुंघराले हैं। स्ट्रेटनिंग कराने के बाद आपको इस बात का खास ध्यान रखना पडेगा कि जैसे-जैसे बाल बढेंगे आपको उन्हें टच-अप कराना ही पडेगा। बिना टच-अप के वे खराब लगेंगे। कल्पना कीजिए कैसे लगेंगे-जडों के पास कर्ली और सिरों के पास स्ट्रेट। आप उन्हें इस तरह से ट्रीट कर सकती हैं -
सखी की सलाह

1. बाल धोने के बाद हमेशा लीव-इन कंडिशनर लगाएं।
2. ब्लो ड्राई से बचें।
3. खास अवसर पर जाने के लिए बालों को आयरन करा सकती हैं।
4. बॉब कट या बहुत छोटे बाल रखने से बचें।
अगर बाल वेवी हैं
अगर ऐसा है तो आप किस्मत की धनी हैं। आपके बाल सीधे व घुंघराले बालों के बीच हैं। इनसे परेशान होने के बजाय इन पर गर्व करें। पतले बालों को वेव वॉल्यूमाइज्ड लुक देते हैं। फिर भी आप बालों में कुछ बदलाव चाहती हैं तो यह अपनाएं-
सखी की सलाह

1. लीव-इन कंडिशनर लगाएं।
2. माह में एक बार प्रोटीन ट्रीटमेंट लें।
3. खास अवसर के लिए आयरनिंग करा सकती हैं।
4. प्रोटीन बेस्ड कंडिशनर लगाएं।
5. ब्लो ड्राई से बचें।
6. डीप यू हेयर कट लें।
7. बालों को लंबा रखें। जब यह बाल लंबे हो जाएंगे तो अपने आप सीधे नजर आएंगे।

बालों को दें प्यार की छांव
बाल जैसे भी हों, तैलीय, रूखे, सामान्य, सीधे या कर्ली, उन पर नाज करें। यह क्या कम है कि आपके सिर पर बाल हैं। अगर आप अपने बालों से प्यार करेंगी तो उन्हें असमयसफेद होने और झडने से बचा सकेंगी। यहां दी गई बातों पर अमल करके आप लंबे समय तक बालों को स्वस्थ और काले घने रख सकती हैं।
सखी की सलाह
1. नियमित रूप से बालों की तेल मालिश करें और आधे घंटे बाद शैंपू करें।
2. प्रतिदिन ब्रेकफस्ट में दो बादाम खाएं।
3. माह में एक बार प्रोटीन ट्रीटमेंट लें।
4. संतुलित आहार लें।
5. प्रतिदिन एक ग्लास दूध लें।
6. प्रतिदिन एक्सरसाइज करें। यहां तक कि 20 मिनट ब्रिस्क वॉक भी कर सकती हैं।
7. छह माह में एक बार ट्रिमिंग कराएं।
8. पुराने लुक से ऊब गई हों, तो नया हेयर स्टाइल अपनाएं।
9. बालों को धोने से पहले एलो वेरा हेयर पैक लगाएं।
ध्यान रखें आपके बाल सबसे अलग, सबसे खूबसूरत हैं। आप जैसे बाल लेकर पैदा हुई हैं, वह सिर्फ आपके हैं। अपने बालों को लेकर अपसेट होने का अर्थ है कि आप उन्हें नजरअंदाज कर रही हैं। और आपकी ये बेरुखी बाल बर्दाश्त नहीं कर पाते। तो फिर आज ही उन्हें कोकोनट ऑयल से अच्छा मसाज दें।

1 टिप्पणी: