मंगलवार, 19 जुलाई 2011

ये तीन चीजें दिलाती है हर काम में सफलता...

लगन के साथ श्रम और श्रम के साथ ईमानदारी का संयोग होना जरूरी है। केवल लगन अधूरे और घातक परिणाम देगी। गलत काम करने वालों के भीतर भी लगन होती है। चोर भी अपना काम पूरी लगन से करता है। चोरी दिखती तो है श्रम के साथ, पर है घोर-आलस्य का काम।
जो लोग परिश्रम और ईमानदारी से संपत्ति अर्जित नहीं करना चाहते वे गलत काम करके इसे पूरा करते हैं। यह आलस्य और अपराध ही है। लगन, श्रम और ईमानदारी का मेल सही बैठ जाए तो शांति मिलना आसान है। ऐसे लोग सफल हों या असफल, शांत जरूर रहेंगे। वैसे बारीकी से देखें तो पाएंगे शांति हमारा मूल स्वभाव है।
हम खुद ही अपनी इच्छाओं, मनोरथों के उपद्रव खड़े कर इससे दूर होते जाते हैं। जिनके कारण हमारे भीतर व्यग्रता, उदासी, बेचैनी आती है, उन कृत्यों को पहचान कर, चिन्हित कर जीवन से फेंकना पड़ेगा। इसे ध्यान रखा जाए कि शांति को अलग से प्राप्त नहीं करना है, वह तो पहले से, जन्म से ही हमारे अस्तित्व में है।
मनुष्य की मूल चेतना शांति ही है, बस व्यर्थ हटा देना है। कुछ लोग शांति पाना भी अपनी महत्वाकांक्षा बना लेते हैं। ऐसे लोगों के लिए योग, प्राणायाम, ध्यान भी फैशन या हथियार बन जाते हैं। वे शांति को भी ऐसे खोजते हैं जैसे धन और पद को ढूंढा जाता है। शांति पाने के लिए भी लोग तनाव ले लेते हैं।
इसलिए लगन, श्रम और ईमानदारी को ठीक से पाएं, इन तीनों के आते ही अन्य अकारण चीजें खुद ब खुद गिर जाएंगी और आप पाएंगे कि आप अपनी मूल स्थिति शांति पर होंगे आसानी से। इस परिणाम के लिए एक काम और किया जा सकता है जरा मुस्कराइए...।
www.bhaskar.com

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें