मंगलवार, 12 जुलाई 2011

जया पार्वती व्रत से मिलता है पुत्र सुख

13 जुलाई, बुधवार को जया पार्वती व्रत है। इस व्रत को करने से स्त्री सौभाग्यवती होती है। इस व्रत की कथा भगवान विष्णु ने माता लक्ष्मी को सुनाई थी, जो इस प्रकार है-
किसी समय कौडिन्य नामक नगर में वामन नाम का एक योग्य ब्राह्मण रहता था। उसकी सर्वगुण संपन्न पत्नी का नाम सत्या था। उनके घर में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं थी लेकिन उनके यहां संतान नहीं होने से वे बहुत दु:खी रहा करते थे। एक दिन नारदजी उनके यहां आएं। उन्होंने नारदजी की सेवा की और अपनी समस्या का समाधान पूछा। तब नारदजी ने उन्हें बताया कि तुम्हारे नगर के बाहर जो वन है उसके दक्षिणी भाग में बिल्व वृक्ष के नीचे भगवान शंकर माता पार्वती के साथ लिंगरूप में विराजित हैं। उनकी पूजा करने से तुम्हारी मनोकामना अवश्य पूरी होगी।
तब ब्राह्मण दंपत्ति ने ढूंढकर उस शिवलिंग की विधि-विधान से पूजा की। इस प्रकार पूजा करने का क्रम चलता रहा और पांच वर्ष बीत गए। एक दिन जब वह ब्राह्मण पूजन के लिए फूल तोड़ रहा था तभी उसे सांप ने काट लिया और वह वहीं जंगल में ही गिर गया। ब्राह्मण जब काफी देर तक घर नहीं गया तो उसकी पत्नी उसे ढुंढने आई। पति को इस हालत में देख वह रोने लगी और वनदेवता व पार्वती को स्मरण किया।
ब्राह्मणी की करुण पुकार सुनकर वनदेवता और पार्वती चली आईं और ब्राह्मण को मुख में अमृत डाल दिया, जिससे ब्राह्मण उठ बैठा। तब ब्राह्मण दंपत्ति ने माता पार्वती का पूजन किया। माता पार्वती ने उनसे वर मांगने के लिए कहा। तब दोनों ने संतान प्राप्ति के लिए कहा। तब माता पार्वती ने उन्हें जया पार्वती व्रत करने के लिए कहा। ब्राह्मण दंपत्ति ने विधि पूर्वक यह व्रत किया जिसके फलस्वरूप उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें