गुरुवार, 27 मई 2010

चम्बा: गुलाबी ठंड का मजा



हुस्न पहाड़ों का क्या कहना कि बारहों महीने यहाँ मौसम जाड़ों का...। जी हाँ कुछ यही बोल होते हैं उन लोगों के मुँह पर जो इस चिलचिलाती गर्मी में उत्तराखंड के सबसे मखमली अनछुई हरियाली वाले शहर चम्बा जाते हैं।

मसूरी से 3 घंटे की दूरी पर बसा चम्बा पूरे टिहरी जिले की शान है। मन को शांति प्रदान करने वाला सीढ़ीनुमा सड़कों से बना यह शहर सैलानियों को एक ही क्षण में अपनी ओर आर्कषित कर लेता है। यहाँ पर बने छोटे छोटे घर जिनको ऊँचे-ऊँचे पेड़ अपनी छाया से ढके रहते हैं। जलवायु वर्ष भर खुशनुमा रहती है और वातावरण तो ऐसा कि एक बार कोई चला जाए तो आसानी से वापस आने का मन न हो।

राजधानी से 305 किलोमीटर की दूरी पर बसा यह पहाड़ी क्षेत्र सबसे सस्ता और अनूठा है। इसकी खास बात यह है कि यह टिहरी, मसूरी, उत्तरकाशी जाने वाले रास्तों के बीच में पड़ता है। और यहाँ पर ठहरने का खर्च अन्य शहरों की अपेक्षा बहुत कम है, जिससे पर्यटक यहाँ पर ठहरना पसंद करते हैं। इस समय जब राजधानी में बच्चों की छुट्टियाँ हो रही है तो जाहिर सी बात है कि आप सभी घूमने जाने के लिए नए नए स्थलों का चुनाव कर रहे होंगे। ऐसे में आप चम्बा जाकर अपनी छुट्टियाँ का मजा ले सकते हैं।
यह शहर कई छोटे-छोटे गाँवों से बना हुआ है। जिससे अभी भी वहाँ पर सभ्यता और संस्कृति की झलक साफ साफ दिखाई पड़ती है। अगर आप दिल्ली की भीड़-भाड़ से दूर एकांत की तलाश में गए हैं तो आप चम्बा की सबसे ऊँची पहाड़ी पर बने क्लासिक रेजीडेंसी में रुक सकते हैं।
यहाँ आपके लिए हेयर स्पा, बॅाडी मसाज, मड बाथ सभी के लिए उचित है और थकान को मिटाने के लिए भी वहां पर बना क्लासिक हिल टॉप पार्क में बैठकर पहाड़ी नजारों का आनंद ले सकते हैं और यहां बने कई छोटे छोटे मंदिरों के दर्शन कर सकते हैं। चम्बा जाकर आप ग्रामीण रहन सहन का भी आनंद ले सकते हैं।
यदि आप चम्बा जाते हैं तो आप यहाँ से 67 किलोमीटर आगे उत्तरकाशी भी जा सकते हैं। नदी के आर पार बने इस शहर में आप मशहूर मंदिर विश्वनाथ भगवान के दर्शन कर सकते हैं, और यहाँ लगे मेलों का आनंद लें सकते हैं। बीच में आप कई पर्यटन स्थलों का आनंद ले सकते हैं इसके लिए आपको अलग से कोई खर्चा भी नहीं करना पड़ेगा।
अगर रास्ते में आप कहीं आराम करना चाहते हैं तो आपके लिए गढ़वाल मंडल विकास का रेस्ट हाउस उचित रहेगा। वह आपके लिए अच्छा स्थान है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें