शनिवार, 24 जुलाई 2010

...इसलिए मनाते हैं गुरु पूर्णिमा


25 जुलाई को गुरु पूर्णिमा है। यह वो अवसर है, जिसकी प्रतीक्षा दुनिया के सभी अध्यात्म प्रेमी और आत्मज्ञान के साधक बेसब्री से करते हैं। आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की अंतिम तिथि यानि कि पूर्णिमा ही गुरु पूर्णिमा के रूप जगत प्रसिद्ध है। इसी दिन से संन्यासी चातुर्मास प्रारंभ करते हैं। वे एक स्थान पर रुक जाते हैं, धर्म की शिक्षा देने के लिए। यही दिन वेदों का विभाजन करने वाले महर्षि वेद व्यास का जन्मदिन भी है और कालगणना की महत्वपूर्ण इकाई मन्वंतर का आदि दिन भी।

गुरु पूर्ण है, इसीलिए पूर्णिमा ही गुरु की तिथि है। इस संदेश के साथ कि गुरु के बगैर जीवन में गुरुता संभव नहीं है। गुरु का अर्थ है ज्ञान, गुरु का अर्थ है बड़ा। हम बड़े कैसे बनें, यह भी गुरु के मार्गदर्शन से ही संभव है। वरना मार्ग भटकने का अंदेशा है। मार्ग न भटकें इसीलिए गुरु का दर्शन और मार्गदर्शन आवश्यक है। गुरु से कुछ लिया है तो देना भी होगा। गुरु चूंकि गुरु है, इसलिए वे लेंगे तो कुछ नहीं पर हम आभार तो व्यक्त कर ही सकते हैं। गुरु पूर्णिमा आषाढ़ के समापन के साथ आभार का पर्व है। गुरु के प्रति आभार का और आशीर्वाद प्राप्त करने का। ताकि हम जीवन में कुछ बन सके। गुरु की कृपा से,आषाढ़ के अंतिम दिन।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें