सोमवार, 13 सितंबर 2010

गुरु बिन ज्ञान नहीं!

शिक्षा की रोशनी के बिना अज्ञान का अंधकार दूर नहीं हो सकता। और ज्ञान की गंगा का उद्गम है शिक्षक। यह सोच वैश्विक है। दुनिया भर में शिक्षक को आदर भाव से देखा जाता है। आइए, एक निगाह डालते हैं कि दुनिया-भर में शिक्षक दिवस को किस तरह मनाया जाता है-
विश्व शिक्षक दिवस 1994 में संयुक्त राष्ट्र ने विश्व शिक्षक दिवस मनाने का फैसला किया था। आज लगभग 100 देश 5 अटूबर को ही शिक्षक दिवस मनाते हैं।
टीचर्स कॉलेज ऑफ चिली
10 दिसंबर, 1945 के दिन चिली के महान कवि गब्रिएला मिस्ट्राल को नोबेल पुरस्कार मिला थी। इस दिन को यादगार बनाने के लिए 1974 में 10 दिसंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया गया। लेकिन 16 अक्टूबर, 1977 को टीचर्स कॉलेज की स्थापना के बाद से वहां 16 अक्टूबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
शिक्षक देते हैं उपहार
चेक गणराज्य में 28 मार्च के दिन शिक्षक दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस दिन कोई खास आयोजन नहीं किया जाता। इस दिन शिक्षक एक दूसरे को उपहार भी देते हैं।

एक दिन पहले होता है आयोजन
सिंगापुर में 1 सितम्बर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इस दिन यहां छुट्टी होती है और किसी भी तरह को खास आयोजन नहीं होता है। शिक्षक दिवस से एक दिन पहले यहां सारे आयोजन किए जाते हैं और हाफ टाइम के बाद स्कूलों की छुट्टी कर दी जाती है।

टीचर्स ऐप्रिसिएशन वीक
संयुक्त राज्य अमेरिका में 6 मई को नेशनल टीचर्स डे मनाया जाता है। यहां कई राज्य अपना अलग टीचर्स डे मनाते हैं। साथ ही यहां मई के पहले सप्ताह में शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए टीचर्स ऐप्रिसिएशन वीक मनाया जाता है।
साउ पोलो में मना पहला टीचर्स डे
15 अक्टूबर, 1827 के दिन प्रेडो-I ने ब्राज़ील में प्राथमिक स्कूलों के स्थापना सम्बंधी आदेश दिया था। इसी दिन की याद में साउ पोलो के एक छोटे से स्कूल के कुछ शिक्षकों ने 15 अक्टूबर,1947 को पहली बार शिक्षक दिवस का आयोजन किया। धीरे-धीरे पूरे देश में शिक्षक दिवस मनाया जाने लगा और 1963 में आधिकारिक रूप में इस दिन को शिक्षक दिवस का दर्ज़ा दे दिया गया।

पहला अल्बानी स्कूल
7 मार्च, 1867 में अल्बानिया में अल्बानी भाषा में पाठन करने वाला प्रथम स्कूल खुला था, जिसके कारण 7 मार्च को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।


हरि गुरू के रूप में
25 नवम्बर के दिन इंडोनेशिया में इसे हरि गुरू के नाम से मनाया जाता है।

लैटिन अमेरिका का टीचर
अर्जेंटिना के सातवें राष्ट्रपति डोमिंगो फास्टिनो सार्मिएन्टो एक महान विचारक, लेखक और शिक्षाविद् के रूप में जाने जाते हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई स्कूल खुलवाए और पुस्तकालयों का स्थापना की। लैटिन अमेरिका के टीचर के रूप में पहचाने जाने वाले डोमिंगो फास्टिनो की 11 सितम्बर, 1888 को मृत्यु हो गई। शिक्षा के क्षेत्र में उनके बहुमूल्य योगदान के कारण ही अर्जेटिना में 11 सतंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।


गुरु नमन के दिन
चीन में 10 सितम्बर के दिन शिक्षक दिवस मनाया जाता है। अल साल्वाडोर में 22 जून को मनाए जाने वाले शिक्षक दिवस के दिन राष्ट्रीय अवकाश होता है। ओमान, सीरिया, मिस्र, लीबिया, कतर, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात, यमन, ट्यूनिशिया, जॉर्डन, सउदी अरब, अल्जीरिया, मोरक्को और अन्य इस्लामी देशों में 28 फरवरी को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।


ऑस्ट्रलिया में अक्टूबर के अंतिम शुक्रवार, इक्वाडोर में 13 अप्रैल, हंगरी में जून के पहले शनिवार और पोलैंड में 14 अक्टूबर के दिन शिक्षक दिवस मनाया जाता है।

1965 से 1994 तक रूस में अक्टूबर के पहले रविवार के दिन शिक्षक दिवस मनाया जाता था, लेकिन संयुक्त राष्ट्र द्वारा 1994 में विश्व शिक्षक दिवस मनाने की घोषणा करने के बाद से रूस में भी 5 अक्टूबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।