बुधवार, 16 मार्च 2011

भागवत २११-२१२;यशोदा की दशा क्या हुई, जब कृष्ण चले गए मथुरा?

ब्रज का यह दृश्य देखकर उद्धवजी का ज्ञानी मन भी थोड़ा विचलित हो रहा था, ज्ञान को भक्ति और प्रेम का साथ मिलने वाला था, सो थोड़ी बेचैनी भी थी। उद्धवजी ने अपने को थोड़ा संभाला। मन को विचलित होने से भी रोकने की चेष्टा की, सोचा मैं तो इन्हें उपदेश देने जा रहा हूं, सो मेरा विकल होना ठीक नहीं।गोपों के घरों में अग्नि, सूर्य, अतिथि, गौ, ब्राह्मण और देवता-पितरों की पूजा की हुई थी।
धूप की सुगन्ध चारों ओर फैल रही थी और दीपक जगमगा रहे थे। उन घरों को पुष्पों से सजाया गया था। ऐसे मनोहर गृहों से सारा व्रज और भी मनोरम हो रहा था। चारों ओर वन पंक्तियां फूलों से लद रही थीं। पक्षी चहक रहे थे और भौंरे गुंजार कर रहे थे। वहां जल और स्थल दोनों ही कमलों के वन से शोभायमान थे और हंस, बत्तख आदि पक्षी वन में विहार कर रहे थे।जब से कन्हैया मथुरा गया, यशोदा नन्दजी ने अन्न का एक दाना मुंह में नहीं रखा। जब तक वह नहीं लौटेगा हम नहीं खाएंगे। न रात को नींद आती है न दिन को चैन।
कृष्ण विरह में जीव अकुलाएगा, छपटाएगा और आंखें बरसने लगेंगी तो मन की मलिनता धुल जाएगी। बाहर का जल शरीर को धोता है विरहाश्रु हृदय की मलिनता को धोते हैं। विरहाश्रु हृदय को शुद्ध और पवित्र करते हैं।यशोदाजी सोचती रहती थीं कि अपना कन्हैया जब लौटैगा, तो मैं उसे अपने गले लगा लूंगी और गोद में बैठाकर भोजन कराऊंगी। उसे खिलाकर ही मैं खाऊंगी। घर की हर वस्तु कन्हैया की याद दिलाती थी। इस पात्र में लला माखन-मिश्री खाता था। उस सेज पर आराम करता था। नन्द-यशोदा इस प्रकार लला की याद में डूबे रहते। आंसू बहाते रहते और परस्पर आश्वासन देते-लेते रहते।यशोदाजी आंगन में बैठे हुए नन्दजी को उल्हाना दे रही थीं।
आप ही के कारण लाला ब्रज छोड़ गया। व्रज से जाते समय उसने वापस आने का वचन दिया था। मेरे आंसू वह देख नहीं पाता था। जब भी मैं रोती वह मुझे मनाने लगता था। आज वह ऐसा निष्ठुर क्यों हो गया। यशोदा रोने लगती हैं। एक दिन वे दोनों आंगन में बैठकर कृष्ण लीलाओं की याद में खोए हुए थे। तभी एक कौआ आकर कांव-कांव करने लगा। कौए की बोली शगुनमय मानी जाती है। कौए को सुना, तो यशोदा ने सोचा कि आज मथुरा से शायद कोई आएगा।


कृष्ण को न देखा तो नन्दजी मूर्छित हो गए...
वह कृष्ण के वचन को याद करते हुए कौए से कहने लगी-मेरा कन्हैया यदि आ जाए तो तेरी चोंच मैं सोने से मढ़वाऊंगी, तुझे मिष्ठान्न खिलाऊंगी। हे काग! तू बता, मेरा लला कब आ रहा है।श्रीदामा, मधुमंगल आदि सब ग्वालवाल रास्ते पर बैठे हुए लाला की प्रतीक्षा कर रहे थे कि दूर से एक रथ आता दिखाई दिया। बालकों ने सोचा लाला ही आया होगा। वे दौड़ते हुए रथ के पास पहुंचे।किन्तु रथ में जो बैठा था वह नीचे नहीं उतरा। यदि कन्हैया होता तो कूदकर नीचे आकर गले लग जाता। उद्धवजी, बालकों को देखकर भी रथ में बैठे रहे।
बच्चों से कहने लगे मैं श्रीकृष्ण का सन्देशा लेकर आया हूं, वह आने वाला है। मैं उद्धव हूं।
बालक कहने लगे-उद्धवजी! हम कन्हैया को सुखी करने के लिए उसकी सेवा करते थे, कभी हमने ऐसा तो सोचा ही नहीं था, कि वह ऐसा निष्ठुर हो जाएगा। कन्हैया के बिना यहां सब सूना-सूना लगता है।
वंशीवट, यमुना तट, वृन्दावन सब कुछ सूना और उदास है।बालक उद्धवजी को नन्दबाबा के घर का रास्ता दिखलाते हुए कहने लगे-अच्छा हुआ तुम आ गए। हमें भी कन्हैया को संदेशा भेजना है, किन्तु तुम पहले नन्द-यशोदा के पास जाकर सन्त्वना दो। वे रात-दिन लला की प्रतीक्षा में रोते हैं। हम फिर मिलने आएंगे।नंद-यशोदा-उद्धव- इधर यशोदा कौए से बात कर रही हैं और उधर रथ आंगन मे आ पहुंचा। नन्द-यशोदा ने माना कि कन्हैया ही आया है। दोनों की जान में जान आ गई। दोनों रथ की ओर दौड़ पड़े। दोनों पुकार उठे कन्हैया आया। लाला आया। वे दोनों दौड़ते हुए रथ के पास पहुंचे। किन्तु उसमें कन्हैया नहीं, कोई और ही था। कृष्ण को न देखा तो कृष्ण को पुकारते हुए नन्दजी मूर्छित हो गए।उद्धवजी की तो कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि ये लोग कृष्ण का नाम लेकर क्यों रो रहे हैं। यशोदाजी धीरज धरकर एक दासी से कहने लगीं-यह कोई बड़े व्यक्ति लगते हैं
इनका स्वागत करो। नन्दजी को प्रणाम करते हुए उद्धवजी ने कहा-मैं आपके कन्हैया का मित्र हूं और उसका सन्देश लाया हूं।नन्दजी ने भी कुशलमंगल पूछा। उन्होंने सोचा कि कन्हैया स्वयं नहीं आ सका होगा। सो अपने मित्र को भेजा होगा। उद्धवजी आप आए स्वागत है। कंस की मृत्यु के बाद यादव सुखी हुए होंगे।उद्धवजी एक बात सच-सच बतलाना क्या कन्हैया कभी हमको याद करता है? उद्धवजी कन्हैया से कहना कि यह गिरिराज, यह यमुना उसकी प्रतीक्षा कर रहे हैं। यह उसकी गंगी गाय तो वन में घूमती फिरती है। मुझे रोज-रोज उसकी बांसुरी की मधुर तान सुनाई देती रहती है।
उद्धवजी कई बार मुझे लगता है कि वह मेरी गोद में बैठा हुआ खेल रहा है। यमुना में स्नान करने के लिए जाता हूं तो मेरे पीछे-पीछे चला आ रहा है। उद्धवजी मेरा कन्हैया कब लौटेगा ? नन्द पूछ रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें