सोमवार, 30 अगस्त 2010

विद्याध्ययन

यहां शिक्षा प्राप्त की श्रीकृष्ण ने
भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा के कारागार में हुआ। इसके बाद वे गोकुल में रहे। श्रीकृष्ण ने कंस का वध कर महाराज उग्रसेन को मथुरा का राज सौंप दिया। तत्पश्चात श्रीकृष्ण के माता-पिता ने उन्हें विद्याध्ययन करने का आदेश दिया। विद्याध्ययन करने के लिए श्रीकृष्ण परम पावन धाम अवंतिकापुरी(वर्तमान में उज्जैन) आए। यहां भगवान श्रीकृष्ण व बलराम ने गुरु सांदीपनि के आश्रम में रहकर शिक्षा ग्रहण की।
धर्म शास्त्रों में ऐसा लिखा है कि मात्र 64 दिनों में ही भगवान श्रीकृष्ण व बलराम ने रहस्य (मंत्रोपनिषत्) व संग्रह (अस्त्रप्रयोग) के सहित संपूर्ण धनुर्वेद सीख लिया। इस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने अवंतिकापुरी में शिक्षा ग्रहण कर यहां की भूमि को पवित्र किया। उज्जैन में आज भी सांदीपनि गुरु का आश्रम मंगलनाथ मार्ग पर स्थित है।